समाधान शिविर में 10 लोगों ने दी शिकायत, मौके पर कार्रवाई का आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। फीस का बोझ, टूट गई अभिभावकों की रीढ़
उपायुक्त निजी स्कूलों की मनमानी फीस बढ़ोतरी के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा सोमवार को उस समय फूट पड़ा, जब भारी संख्या में परेशान माता-पिता उपायुक्त उत्तम सिंह द्वारा आयोजित समाधान शिविर में पहुंचे। अभिभावकों ने दर्द बताते हुए कहा कि साहब... फीस का बोझ से हमारी रीढ़ टूट गई है। हमारी मांग है कि इस मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान किया जाए। शिविर में राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने से लेकर स्कूल फीस बढ़ाने से परेशान लोग समाधान शिविर में पहुंचे।
डीसी उत्तम सिंह ने शिविर में प्राप्त 10 शिकायतों की सुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की शिकायत को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना जाए। उन्होंने विशेष रूप से वृद्ध महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने पर बल दिया।
समस्या का जल्द निदान कराया जाए
स्कूल प्रबंधन की ओर से फीस दो गुना कर दी गई है, जिसके कारण बच्चों को पढ़ा पाना कठिन है। इस समस्या का निदान कराया जाए। -उमेश द्विवेदी, हंस एन्क्लेव, गुरुग्राम
पारिवारिक विवाद का हल अब तक नहीं हो पा रहा है। मामला एसडीएम कार्यालय में लंबित है, कृपया जल्द से जल्द समाधान दिलवाया जाए। - रश्मि बत्रा, सेक्टर-89, गुरुग्राम
आसपास के लोगों ने अवैध निर्माण किया हुआ है। इस संबंध में छह महीने में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। - विजय बिल्ला, एच-881, डीएलएफ फेज-3, गुरुग्राम
मां के नाम से दर्ज प्रॉपर्टी दस्तावेज व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। उसे ठीक कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों का चक्कर लगा रहा है। अब तक समस्या अब तक समाधान नहीं हो रहा है। - राम पाल सिंह, कृष्णा कॉलोनी, गुरुग्राम।