अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के संदेश के रूप में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मनाएगी। इसके साथ ही पार्टी युवाओं के बीच शिष्टाचार, सभ्यता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए विशेष जनजागरण अभियान भी चलाएगी। यह निर्णय मंगलवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय गुरु कमल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा की मौजूदगी में आयोजित बैठक में लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत रविदास का संदेश किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने बताया कि अब तक 1,831 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। प्रदेशभर में 20 हजार कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
एसआईआर पर चर्चा
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर भी रणनीति बनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक सुधार कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन यह सुनिश्चित करेगा कि जानकारी के अभाव में किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे।