गुरुग्राम। गांव कासना में चोरी के सामानों की बरामदगी के लिए गिरफ्तार एक आरोपी को अपने साथ ले जाना सेक्टर-31 की पुलिस को महंगा पड़ गया। आरोपी ने सामानों की बरामदगी के दौरान तीन पुलिस कर्मियों को चकमा देकर पहाड़ी से छलांग लगा दी और फिर फिल्मी अंदाज में फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। चोर के पीछे ही उसे पकड़ने दौड़े दो पुलिसकर्मी घायल भी हो गए। फिलहाल फरार आरोपी के खिलाफ सेक्टर-सात औद्योगिक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
मानेसर स्थित सेक्टर-सात औद्योगिक थाना में सेक्टर-31 थाना में तैनात एएसआई फतेह सिंह ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एएसआई ने बताया है कि तीन मई को उन्हें एक चोरी के मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस बाबत तीन मई को ही मामले के आरोपी राहुल कुमार (19) को गिरफ्तार किया गया था। वह मूलरूप से हालो माजरा का रहने वाला है। बुधवार आधी रात के बाद करीब दो बजे उसे चोरी के सामानों की बरामदगी के लिए गांव कासना ले जाया गया। गांव स्थित पूर्णमल बाबा गोरखनाथ मंदिर के पीछे उसके द्वारा छिपाए सामानों तलाशी की जा रही थी। इस दौरान आरोपी राहुल को कांस्टेबल जसबीर ने पकड़ रखा था। एएसआई फतेह सिंह के अनुसार मौका देखकर आरोपी राहुल ने कांस्टेबल जसबीर को धक्का दे दिया। फिर उससे अपना हाथ छुड़ाकर पहाड़ी के साथ लगते जंगल में फरार हो गया। उसे भागते देख कांस्टेबल जसबीर, कांस्टेबल सचिन आदि ने पकड़ने की कोशिश की। तीन पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़ने लगे। बावजूद वह पुलिस के चंगुल से फरार होने में सफल रहा। एएसआई फतेह सिंह के अनुसार इस दौरान दो पुलिस कर्मियों को चोटें भी आई। उनका प्राथमिक उपचार नजदीक के अस्पताल में कराया गया। फिलहाल सेक्टर-सात औद्योगिक थाना की पुलिस फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। उसकी तलाश की जा रही है।
----
अंधेरे का मिला फायदा
एएसआई फतेह सिंह के अनुसार आरोपी राहुल ने फरार होने के लिए अंधेरे का फायदा उठाया, क्योंकि उस समय दो पुलिस कर्मी चोरी के सामानों की बरामदगी के लिए जगह-जगह तलाश कर रहे थे, जबकि जसबीर ने उसे पकड़ रखा था। मौके पर कोई लाइट की व्यवस्था नहीं थी। टार्च से सारे कार्य किए जा रहे थे। आरोपी ने इसका फायदा उठाया। उसने फिल्मी अंदाज में पहले जसबीर को धक्का दिया। फिर पहाड़ी से छलांग लगा दी। उसे पहाड़ी से फिसलते हुए फरार होता देख, कांस्टेबल जसबीर व सचिन ने भी उसे पकड़ने की कोशिश में पहाड़ी से छलांग लगा दी। फतेह सिंह के अनुसार वह खुद उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़ा, लेकिन वह घने जंगल में अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।