जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो दिन में समाधान का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। फर्रुखनगर खंड के गांव महचाना में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों के रोष प्रदर्शन की खबर प्रकाशित होने के बाद जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग हरकत में आ गया। शुक्रवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीई अपनी टीम के साथ महचाना पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा बताते हुए टीम को खूब खरी खोटी सुनाई।
अधिकारियों ने लोगो की समस्या को सही ठहराते हुए दो दिन में पेयजल समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गांव में बिछी पुरानी और जर्जर पाइपलाइन को भी बदला जाएगा, ताकि भविष्य में जल आपूर्ति बाधित न हो।
विभाग के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना रोष प्रदर्शन स्थगित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।