अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना मानेसर की पुलिस ने एप इंस्टॉल कराकर ठगी के मामले में बैंक खाता बेचने वाला आरोपी को पश्चिम बंगाल से पकड़ा है। साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को क्रेडिट कार्ड देने का लालच देकर मोबाइल में पीएनबी डॉट एपीके लिंक भेजकर एप इंस्टॉल कराया था। इसी एप के माध्यम से उसके बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर करके ठगी की गई थी।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान ने बताया कि साइबर ठगों को खाता बेचने वाले आरोपी की पहचान साउथ परगना (पश्चिम बंगाल) के अच्छीपुर निवासी हफीजुल मंडल (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि मामले में ठगी हुई राशि में से दो लाख रुपये हफीजुल मंडल के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। हफीजुल ने अपना बैंक खाता अन्य व्यक्ति को आठ हजार रुपये में बेचा था। पुलिस मामले में चार आरोपी गिरफ्तार कर चुकी है। 17 अप्रैल को एक व्यक्ति ने साइबर अपराध थाना मानेसर में दी शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल करके क्रेडिट कार्ड बनवाने का लालच देकर ठगी को अंजाम दिया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।