नूंह। हाजीपुर गोहेता गांव में मंगलवार को अवैध संबंध के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति और अवैध हथियार देने वाले आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। वहीं, मृतका की मां ने जेठ सलाउद्दीन और जेठानी साबरा पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया हैं। उनका आरोप हैं कि जेठानी साबरा अपनी बहन से आरोपी पति इनायत से बात कराती थी। जेठ-जेठानी ने हत्या की पूरी साजिश रचाई थी।
आरोपी पति और अवैध हथियार देने वाले आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ कर साजिश रचने में सहायक आरोपियों का पता लगाएगी। आरोपी ने मंगलवार देर रात को पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए चार बदमाशों द्वारा पत्नी के साथ छेड़खानी करने व विरोध करने पर बदमाशों द्वारा गोली मारने की झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। बदमाश की निशानदेही पर ही आरोपी को पकड़ कर मामले का खुलासा किया गया था। बुधवार को कोर्ट ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। संवाद