कार गबन के मामले में आरोपी प्रकाश रजक को हिरासत में लिया गया था
मंदसौर में पेट्रोल पंप से हाथ छुड़ाकर भाग गया था आरोपी
मध्यप्रदेश के सागर जिले से बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कार गबन के मामले में आरोपी प्रकाश रजक को पुलिस हिरासत से भागने के बाद बृहस्पतिवार को दबोच लिया गया। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के सागर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला कि पुलिस हिरासत से भागने के बाद अपने एक रिश्तेदार के पास जाकर छुप गया था।
सेक्टर-14 थाना पुलिस को 17 जनवरी को एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि 6 नवंबर 2025 को इनकी कंपनी विद्या ब्लू बर्ड्स की कार को मरम्मत के लिए शीतला माता रोड स्थित यूए ऑटोमोबाइल्स वर्कशॉप में छोड़ा गया था। 24 नवंबर को वाहन लेने पहुंचने पर कार वर्कशॉप से गायब मिली। पता करने पर इनकी कंपनी के पूर्व कर्मचारी प्रकाश रजक द्वारा कार लेकर जाने का मालूम हुआ। सेक्टर-14 थाना में प्रकाश रजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस टीम ने 1 जुलाई को मध्यप्रदेश के सागर जिले के गांव रंगुवान निवासी 27 साल के प्रकाश रजक को हिरासत में लिया। उसे गुरुग्राम लेकर आते समय आरोपी मंदसौर जिले के गरोठ कस्बा में पेट्रोल पंप पर टीम के गाड़ी में तेल भरवाने के दौरान हाथ छुड़ाकर भाग गया था। पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को आरोपी को सागर जिले से ही फिर गिरफ्तार कर लिया है।