अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस चौकी बार गुर्जर की पुलिस ने कर्मचारियों और मजदूरों के वेतन के रुपयों का गबन करने वाले आरोपी को 21 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। सोमवार को आरोपी को दोबारा अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) के सारंगपुर गांव निवासी राजेश कुमार सिंह (46 वर्ष) के रूप में हुई है।
आरोपी को 22 अगस्त को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई तो पता चला कि वह एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करता है। राजेश कुमार ने बताया कि वह वर्ष 2023 में एम3एम गोल्फ हिल्स, सेक्टर-79 में निर्माणाधीन साइट पर स्टोर कीपर का काम करता था। उसने कंपनी मैनेजर द्वारा दिए गए लेबर के वेतन को निर्माणाधीन साइट पर काम करने वाली लेबर को देने के लिए दिए गए 6.70 लाख रुपयों में से 4.50 लाख रुपये घूमने-फिरने व खाने-पीने में खर्च कर दिए थे।
खेड़कीदौला थाने में 20 मार्च को अदालत के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत के माध्यम से बताया गया कि उनकी कंपनी की निर्माणाधीन साइट एम3एम गोल्फ हिल्स सेक्टर-79 के एक कंपनी कर्मचारी राजेश (स्टोर कीपर) को लेबर (मजदूर) को वेतन देने हेतु 11.20 लाख रुपये दिए थे। राजेश ने लेबर (मजदूरों) को 6.70 लाख रुपये ही वेतन दिया। बाकी 4.50 लाख रुपये न देकर अपने पास रख लिए। शिकायत के आधार पर खेड़कीदौला थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।