साथियों के साथ मिलकर व्यक्ति की मारपीट करके की थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नूंह में दर्ज हत्या के मामले में एक साल से वांछित/फरार आरोपी को गुरुग्राम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसआईटी) ने 20 दिसंबर को सेक्टर-10 से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खेत में काम कर रही महिलाओं के साथ बदतमीजी करने व वीडियो न बनाने को कहने पर एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से मारपीट करके हत्या कर दी थी।
पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार गुरुग्राम पुलिस को मामले की जांच सौंपी गई थी। आरोपी की पहचान नूंह के कंगारिका गांव निवासी नाजिम (37) के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि आरोपी शबीर व नाजिम की मृतक मलकीत की 8 अक्तूबर 2024 को आपस में कहासुनी हो गई थी। इसके चलते आरोपी नाजिम ने घर से अपने अन्य साथियों को बुलाकर लाठी-डंडों से मलकीत के साथ मारपीट की। मारपीट में लगी चोटों के कारण मलकीत की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों शबीर, आलम व आमिर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी नाजिम को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। नाजिम से पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।