स्कूलों की छुट्टी होने पर आए थे नाना के पास
मृतकों की पहचान खोड गांव निवासी सुभाष (60) और भिवाड़ी (राजस्थान) के मिलकपुर गुर्जर गांव निवासी ईशांत (10) व जैद खान (8) के रूप में हुई है। मृतक सुभाष के भाई सलीम की शिकायत पर थार चालक दीपांशु के खिलाफ पटौदी थाने में सड़क हादसे में मौत से संबंधित धारा 281, 106 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सलीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि स्कूलों की छुट्टी होने के चलते उनके भाई सुभाष के नवासे ईशांत व जैद खान खोड गांव में आए हुए थे।
पैदल जा रहे थे तीनों
27 मार्च को उसका भाई सुभाष अपने नवासे ईशांत व जैद खान को लेकर अपने भाई कुरसैद व आसु से मिलने खोड से लोकरा रोड पर बने प्लाटों में आए थे। इसके बाद सुभाष दोनों नवासों को लेकर रात को खोड गांव वापस जा रहे थे। जब वे लोकरा से खोड रोड पर पैदल जा रहे थे तो लोकरा गांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार व अनियंत्रित थार ने सुभाष व उसके नवासों ईशांत व जैद खान को टक्कर मार दी।
बच्चों की मौके पर मौत, नाना ने अस्पताल में तोड़ा दम
थार की टक्कर लगने के बाद सुभाष, ईशांत व जैद खान काफी दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद थार रोड से नीचे उतर गई। हादसे के बाद चालक थार को मौके पर छोड़कर भाग गया। हादसे में दोनों बच्चों ईशांत व जैद खान की मौके पर ही मौत हो गई थी। राहगीरों ने घायल सुभाष व बच्चों के शवों को पटौदी के सिविल अस्पताल में पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान सुभाष ने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पटौदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। सुभाष व उसके नवासों ईशांत व जैद खान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थार चालक को किया गिरफ्तार
पदौदी थाने की पुलिस ने सुभाष व उसके नवासों ईशांत व जैद खान को टक्कर मारने वाली थार का चालक शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी थार चालक की पहचान गुरुग्राम के गोरियावास गांव निवासी दीपांशु (25) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी थार चालक से पूछताछ कर रही है।
पांचवीं व तीसरी कक्षा में पढ़ते थे बच्चे
मृतक सुभाष की बेटी शमा के तीन बेटे थे, जिसमें ईशांत 10 साल का व जैद खान 8 साल था। जबकि एक छोटा बेटा रिहांस है। ईशांत पांचवी कक्षा में व जैद खान तीसरी कक्षा में पढ़ता था। परिवार के अनुसार शमा अपने दोनों बेटों ईशांत व जैद खान 20 मार्च को अपने मायके में छोड़कर गई थी। स्कूल की छुट्टी समाप्त होने के बाद अपने दोनों बेटों को ले जाना था। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। तेज रफ्तार थार ने नाना सुभाष व दोनों नवासों ईशांत व जैद खान की जिंदगी लील दी।
पुलिस का बयान
जांच अधिकारी एएसआई तरूण ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थार के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और थार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।