गुुरुग्राम। केद्रीय वस्त्र मंत्रालय ने प्रमुख तेल, गैस एवं धातु उत्पादन कंपनी वेदांता लिमिटेड के साथ मिलकर गुरूग्राम में पीपीई किट (पर्सनल प्रोटेक्टिव एक्यूपमेंट) का उत्पादन शुरू कर दिया है। इसके लिए वेदांता की तरफ से अत्याधुनिक 23 पीपीई मशीनें आयात की गई हैं। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय ने पीपीई किट के उत्पादन के लिए विभिन्न वस्त्र निर्माता कंपनियों के साथ अनुबंध किया है।
अब तक 15 हजार पीपीई किट का उत्पादन कर लिया गया है। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते पीपीई किट की मांग इन दिनों काफी बढ़ गई है। प्रत्येक अस्पतालों में पीपीई किट की मांग है। अधिकृत परिधान निर्माताओं के साथ मिलकर प्रतिदिन 5 हजार से अधिक पीपीई किट उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है।
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के सचिव रवि कपूर ने वेदांता समूह का आभार प्रकट करते हुए कहा कि पीपीई के निर्माण के लिए कंपनी ने आवश्यक मशीनरी मुहैया कराकर उल्लेखनीय कार्य किया है। अग्रिम पंक्ति के चिकित्सा कर्मियों एवं चिकित्सकों के लिए इस समय पीपीई किट अत्यंत आवश्यक है। वेदांता के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि ‘‘भारत ने कोविड-19 के प्रभाव से लड़ने में व्यापक एकजुटता दिखाई है। वहीं वैश्विक महामारी के समय सद्भावना दिखाते हुए कई देशों में महत्वपूर्ण दवाओं की आपूर्ति की है। उन्होंने विश्वास जताया कि हम जल्द ही इस स्थिति से उभरेंगे।