दिल्ली-गुरुग्राम सीमा सीलः दो मिनट देरी से दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर पहुंचे लोगों को सुरक्षाकर्मियों ने रोका
- फोटो : सुदर्शन झा
एक मई यानी आज सुबह 10 बजे से दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर सील कर दिया गया। इसके चलते दोनों ही ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सीमा पर तैनात जवान नियमों को लेकर इतने सख्त दिखाई दिए कि दो मिनट की देरी से पहुंचे कई जरूरी सेेवाओं से जुड़े लोगों को भी एंट्री देने से इनकार कर दिया। बता दें कि फरीदाबाद की सीमा भी सील है और वहां से भी कोई एंट्री नहीं कर सकता।
इसकी वजह से 10 बजे के आसपास सीमा के दोनों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से अपनी ड्यूटी का हवाला देकर अपने गंतव्यों तक जाने की अनुमति मांगने लगे।
जिन लोगों को 10 बजे के बाद पुलिस ने प्रवेश देने से इनकार कर दिया उनमें मेडिकल स्टाफ भी था जो गुरुग्राम में प्रवेश चाहता था। इनमें मधुमेह से पीड़ित दिल्ली पुलिस का जवान भी था जो गुरुग्राम में रहता है और दिल्ली जाने की अनुमति मांग रहा था।
हालांकि पुलिस अधिकारी से बात करने के बाद कई पासधारकों को प्रवेश की अनुमति मिल गई। बता दें कि जरूरत का सामान ले जा रहे वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं है, ऐसे वाहन आराम से आ जा रहे हैं।
एसीपी करण गोयल ने बताया कि इंटर-स्टेट और इंटर-डिस्ट्रिक पर हम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित कर रहे हैं, इसमें चाहें मीडियाकर्मी / पुलिस / डॉक्टर हो, इन सभी को बॉर्डर (दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर) पार करने की अनुमति नहीं है। ऐसे कुछ बिंदु हैं जहां हमें लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने को कहा गया है इसमें मीडिया शामिल नहीं है।अस्पतालों में काम करने वालों के लिए वहीं सुविधा की जाए जहां वो काम करते हैं और पुलिस पर भी प्रतिबंध लागू है।