गुरुग्राम। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए इस बार समय से पहले ही नगर निगम की इंजीनियरिंग विंग मैदान में उतर गई है। विंग में शामिल अधिकारियों ने मंगलवार को शहर के विभिन्न जलभराव संभावित एरिया का निरीक्षण कर वहां अमल में लाए जाने वाले प्रगति कार्यों की रिपोर्ट तैयार की।
जोन-1 क्षेत्र के संयुक्त आयुक्त प्रदीप अहलावत ने धानुका फैक्टरी के पास, मोहम्मदपुर झाड़सा ट्रक यूनियन के पास, सेक्टर-10 नियर सिटी बस डिपो, वार्ड-14, सेक्टर-9ए मेन पंपिंग स्टेशन सहित जोन-1 क्षेत्र के उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां मानसून के दौरान जलभराव की समस्या हो सकती है। संयुक्त आयुक्त ने मौके पर ही कार्यकारी अभियंता गोपाल कलावत एवं इंजीनियरिंग विंग के अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल निकासी के पुख्ता प्रबंध करें, ताकि जलभराव की समस्या पैदा न हो।
दूसरी ओर, अधीक्षक अभियंता विजय ढाका भी संबंधित अभियंताओं की टीम के साथ निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-27/28, सेक्टर-43 सहित आसपास के क्षेत्रों में ड्रेनेज, सीवरेज, नालों आदि का जायजा लिया। उनके साथ कार्यकारी अभियंता तुषार यादव सहित अन्य अभियंता उपस्थित थे।
नगर निगम के आयुक्त मुकेश कुमार आहुजा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में जलभराव के संभावित स्थानों तथा जल निकासी के लिए किए जा रहे प्रबंधों का मौका निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों की पालना में संयुक्त आयुक्त, चीफ इंजीनियर, सुपररिटेडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मौका निरीक्षण कर रहे हैं तथा जल निकासी के पुख्ता प्रबंध कर रहे हैं, ताकि मानसून में शहर वासियों को जलभराव की समस्या से ना गुजरना पड़े।