गुरुग्राम। मोलाहेड़ा गांव में दो दिन पहले ही आए किराएदार युवकों ने मकान मालिक व उनके परिवार को जन्मदिन के बहाने नशीला लड्डू खिलाकर घर के पूरे सामान पर ही हाथ साफ कर दिया। सुबह जब मकान मालिक व उनके परिवार को होश आया तो घर में सामान फैला देखकर वारदात का अहसास हुआ। उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस जांच में सामने आया कि मकान मालिक ने युवकों का सत्यापन भी नहीं कराया था। पुलिस आरोपी व उसके साथी की तलाश में जुटी हुई है।
मोलाहेड़ा गांव निवासी अनूप यादव एक टेंट हाउस की गाड़ी चलाता है। 27 जुलाई को दो व्यक्ति आए। उन्होंने किराये पर कमरों के लिए पूछा। मकान मालिक ने ग्राउंड फ्लोर का खाली कमरा उन्हें दे दिया। 29 जुलाई की रात करीब एक बजे एक लड़का आया और उसने मकान मालिक व उनके परिवार के लोगों को कहा कि उसका जन्मदिन है और वह उनके लिए लड्डू लाया है। युवक के दिए लड्डू मकान मालिक, उनकी पत्नी, बेटे, मां व साले ने खाए और रात को सो गए। सुबह 9 बजे परिवार के लोगों की आंख खुली तो घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से पत्नी सोनू के कुंडल, एक जोड़ी पायल, दो अंगूठी, पर्स के 2500 रुपये, दूसरे पर्स में रखे 15 हजार नकदी, बेड पर रखे आधार कार्ड, पेन कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, दो मोबाइल समेत अन्य कीमती सामान गायब मिला। आरोपी किराएदार व उसका साथी भी फरार मिला।
सूचना के बाद पहुंची पालम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को अंदेशा है कि वारदात करने वाले किसी गिरोह के बदमाश है। उन्होंने योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।