ससुराल पक्ष से अपमान का बदला लेने के लिए की साली की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओम नगर निवासी 10 साल की लड़की का शव मंगलवार रात उसके जीजा की शिनाख्त पर बजघेड़ा स्थित गंदे नाले से बरामद किया गया। पुलिस ने लड़की की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में उसके जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। आगामी पूछताछ के लिए आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सोमवार को एक व्यक्ति ने पालम विहार थाने में दी शिकायत में बताया कि 12 अप्रैल से उसकी 10 वर्षीय बेटी सानिया लापता है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच के बाद बड़ी बेटी के पति मोहित कुमार (24 वर्ष) निवासी मुंगेर (बिहार) हाल निवासी बजघेड़ा, गुरुग्राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी मोहित ने बताया कि पत्नी से उसकी नहीं बनती थी। शिकायत पर ससुराल वाले ने ध्यान नहीं दिया तो बेइज्जती महसूस हुई। इसी वजह से उसने एक बार ससुर की हत्या की कोशिश की थी। बेइज्जती महसूस होने पर वह ससुराल वालों से बदला लेने की साजिश रचने लगा।
मोहित 12 अप्रैल को ओम विहार से अपनी 10 वर्षीय साली सानिया को बहला कर बाइक से बजघेड़ा स्थित अपने कमरे पर ले गया। वहां रात को गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को शॉल में लपेटकर प्लास्टिक के बोरे में डाला दिया। इसके बाद शव को बजघेड़ा के गंदा नाला के मैनहोल में डाल दिया। आरोपी मोहित कुमार की शिनाख्त के आधार पर पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम की मदद से शव को बजघेड़ा गंदे नाले से बरामद किया। शव बरामद करने पर मामले में हत्या से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।