गली में हो रहे कार्यक्रम को देखते समय बिगड़ा संतुलन
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। शिवाजी नगर थाना के अंतर्गत शिवजी पार्क क्षेत्र में घर की बालकनी में खड़ी किशोरी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई। परिजन किशोरी को निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृत किशोरी की पहचान सहरसा (बिहार) के जगतपुर निवासी ज्योति कुमारी (16 वर्ष) के रूप में हुई है, जोकि वर्तमान में परिवार के साथ शिवजी पार्क क्षेत्र में रहती थी। रविवार की रात 11.30 बजे गली में कोई कार्यक्रम चल रहा था। ज्योति कुमारी मकान की पहली मंजिल पर बालकनी में कार्यक्रम को देखने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वाले उसको सेक्टर-38 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान ज्योति कुमारी ने दम तोड़ दिया।
जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जांच के दौरान मामले में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। परिवार वालों के बयान दर्ज कर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया गया। मामले की छानबीन जारी है।