अब स्कूलों में मिड डे मील होगा सुरक्षित और पौष्टिक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाली मिड डे मील को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने नई शुरुआत की है। अब कुक कम हेल्पर को सीधे ट्रेनिंग देने की बजाय पहले शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत जिले के प्रत्येक खंड से 4 से 5 टीजीटी शिक्षकों का चयन किया जाएगा, जिन्हें पोषण स्वास्थ्य और साफ सफाई से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद शिक्षक स्कूलों में कुक कम हेल्पर को सही तरीके से भोजन बनाने और स्वच्छता बनाए रखने के बारे में सिखाएंगे।
शिक्षा विभाग के अनुसार हर साल कुक कम हेल्पर को ट्रेनिंग देना जरूरी होगा। खास बात तो यह है कि इस प्रक्रिया में गृह विज्ञान विषय के शिक्षकों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि भोजन की गुणवक्ता और पोषण स्तर को बेहतर ढंग से समझा और लागू किया जा सके। शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि पहल का उद्देश्य मिड डे मील की गुणवक्ता को बेहतर बनाना है।