गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित वेबिनार में अपने विचार रखते हुए गुरुग्राम विवि के कुलपति डॉ.
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में सोमवार को ‘आत्मनिर्भर हरियाणा -शिक्षकों की भूमिका’ विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक सतीश कुमार व उच्च शिक्षा परिषद्, हरियाणा के अध्यक्ष प्रो. बीके कुठियाला मौजूद रहे। वहीं, गुरुग्राम विवि के कुलपति डॉ. मार्कंडेय आहूजा व कौशल विवि के कुलपति राज नेहरू बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर कुलपति आहूजा ने कहा कि प्रत्येक भारतीय के मन में यह आत्मविश्वास पैदा करना कि वे शिक्षा के माध्यम से परिवार और समाज को आत्मनिर्भर बना सकते हैं। यही ‘आत्मनिर्भर भारत’ के साथ-साथ ‘आत्मनिर्भर हरियाणा’ की सही संकल्पना है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता के विचार को सही अर्थों में समाज तक पहुंचाने का कार्य शिक्षक बेहतर ढंग से कर सकते हैं। आत्मनिर्भर हरियाणा के विचार को सही दृष्टिकोण के साथ रखे जाने की आवश्यकता हैं। डॉक्टर आहूजा ने कहा कि भारत ने हमेशा अपनी शक्ति का उपयोग दुनिया की भलाई के लिए किया है।
मानव उत्थान में शिक्षक की भूमिका अहम : कुठियाला
हरियाणा उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष बीके कुठियाला ने कहा कि शिक्षक की भूमिका मानव उत्थान और चरित्र निर्माण की है। आत्मनिर्भरता हमारे आत्म सम्मान से जुड़ी हुई है, अगर ये जाग गया तो आत्मनिर्भरता पाना तय है। इसके लिए उन्होंने विश्व में भारतीय संचार मॉडल को प्रचलित करने और संवाद संस्थाएं बनाए जाने को जरूरी बताया, ताकि भारतीय विचार सही अर्थों में दुनिया जान सके। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन ने हमें महामारी से लड़ने के लिए तैयार किया। हमें अपने पर विश्वास करते हुए यही विश्वास छात्रों में भी पैदा करना होगा ताकि युवा भी आत्मनिर्भर बनने की और बढ़ सके।