- सीटीएम की अध्यक्षता में बैंकिंग संस्थानों तथा सीएसआर प्रमुखों के साथ बैठक सम्पन्न
- सीटीएम रविंद्र कुमार ने औद्योगिक संस्थानों में समय - समय पर जांच शिविर लगाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार ने की, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. केशव, जिला टीबी अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, तथा जिले के विभिन्न बैंकिंग संस्थानों, उद्योगों एवं कॉरपोरेट कंपनियों के सीएसआर प्रमुख उपस्थित रहे।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में निजी क्षेत्र की सहभागिता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही संभव है, जिसमें कॉरपोरेट सेक्टर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संस्थानों को चाहिए कि वे अपने कर्मचारियों की समय-समय पर टीबी की जांच करवाना सुनिश्चित करें, विशेष रूप से ऐसे श्रमिक जो लंबे समय तक बंद स्थानों में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर टीबी जांच शिविर, जागरूकता सत्र और परामर्श शिविरों का आयोजन कर कर्मचारियों को शिक्षित किया जाए, जिससे वे प्रारंभिक लक्षण पहचानकर समय रहते इलाज ले सकें।
सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी संस्थाओं को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द टीबी उन्मूलन के लिए संस्थागत कार्ययोजना तैयार करें और जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर शिविरों का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी, सशक्त राष्ट्र की नींव हैं, और हमें मिलकर इस बीमारी को जड़ से समाप्त करना है। इस दौरान उन्होंने निक्ष्य मित्र बनने का आह्वान भी किया।
बैठक में डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. केशव ने बताया कि टीबी एक पूरी तरह से ठीक होने वाला रोग है, लेकिन इसके लिए समय पर पहचान और पूरा इलाज आवश्यक है। उन्होंने निजी संस्थाओं से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर टीबी के मरीजों को गोद लें, उनके उपचार, पोषण और देखभाल में सहयोग करें।
बैठक में शामिल विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने टीबी मुक्त शपथ लेकर अभियान के लिए अपने सहयोग की इच्छा जताई और कहा कि वे न केवल अपने संस्थानों में स्क्रीनिंग शिविर लगवाएंगे, बल्कि टीबी मरीजों के लिए सहायता योजनाएं भी तैयार करेंगे। कई प्रतिनिधियों ने टीबी उन्मूलन के लिए स्थायी और दीर्घकालिक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। बैठक में एसीयूटी अदिति सिंघानिया, हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के एडीशनल सीईओ गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।