मानेसर के सेक्टर-82 की मैप्सको कासा बेला सोसाइटी में बुनियादी सुविधाओं का अभाव
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। सेक्टर-82 स्थित मैप्सको कासा बेला सोसाइटी के निवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। नगर निगम मानेसर को नियमित टैक्स भरने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का अकाल है। टूटे फुटपाथ, सड़कों पर जमा ड्रेनेज का गंदा पानी और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। स्पीड ब्रेकर न होने से लगातार बढ़ते हादसों के बीच, निवासियों ने अब प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोसाइटी के निवासी संदीप रोहिला, सुनिल, अरविंद प्रदीप, लीना, धर्मबीर, अनुप पांडे ने संवाद में अपनी समस्याओं को रखा।
-
पानी निकलने की नहीं है सही व्यवस्था
इलाके में पानी निकलने की सही व्यवस्था नहीं है। बारिश होने पर या आसपास का गंदा पानी आने पर वह सड़क पर ही जमा हो जाता है। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। - अनुप पांडे
सोसाइटी के पास बने फुटपाथ की खराब हालत है। फुटपाथ कई जगह से टूटा हुआ है और वहां अक्सर लावारिस पशु भी घूमते रहते हैं। इसकी वजह से लोगों को पैदल चलने में परेशानी होती है। - संदीप रोहिला
इलाके की सड़कों पर स्पीड ब्रेकर नहीं बने हैं। इसकी वजह से वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं और कई बार सड़क हादसे भी हो चुके हैं। - धर्मबीर
इलाके में कई स्ट्रीट लाइटें खराब हैं या जलती ही नहीं हैं। रात में अंधेरा होने की वजह से लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। - प्रदीप यादव