गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण को काबू में करने के लिए कोरोना बचाव मानकों का पालन करने के साथ ही ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण भी शामिल है। यही वजह है कि जिला स्वास्थ्य विभाग अब युद्धस्तर पर टीकाकरण के काम में लगा हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को भी जिले में लक्ष्य से ज्यादा संख्या में लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। शनिवार को 4500 लोगों में टीकाकरण का लक्ष्य था, जब कि 7890 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
इसमें से 45 साल से ऊपर के 7176 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर 45 साल से ऊपर के लोगों को पहली व 93 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई। वहीं, निजी केंद्रों पर 4345 लोगों को पहली डोज व 191 लोगों को कोरोना टीके की दूसरी डोज दी गई। शनिवार को कुल 458 स्वास्थ्यकर्मियों को भी कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर 93 को पहली डोज व 59 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके की दूसरी डोज दी गई। वहीं, निजी केंद्रों पर 285 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली व 21 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज दी गई।
256 फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगा टीका :
जिले में शनिवार को 256 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया, जिसमें से शासकीय केंद्रों पर 71 को पहली डोज व 55 को दूसरी डोज दी गई। वहीं, निजी केंद्रों पर 129 को पहली डोज दी गई जबकि महज 1 फ्रंटलाइन वर्कर को दूसरी डोज दी गई। शनिवार को जिले में कुल 93 जगहों पर 4500 लोगों में कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य था, जबकि 7890 लोगों को टीका लगाया गया। जिले में अब तक 2 लाख 39 हजार 231 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है।