अंडर-17 वर्ग में दोनों खिलाड़ियों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में बनाई जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आरकेएसडी खेल स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय स्कूली महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जिले की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 आयुवर्ग के मुकाबलों में तन्वी और कविता ने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
अंडर-17 वर्ग के 44 किलोग्राम भार वर्ग में तन्वी ने अंबाला की सोनाली को हराया। वहीं 50 किलोग्राम भार वर्ग में कविता ने झज्जर की इशिका को पराजित किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा और सहायक शिक्षा अधिकारी खेल रमेश चहल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतियोगिता के बेहतर आयोजन के लिए डीपीई एवं बॉक्सिंग कोच विक्रम ढुल, बॉक्सिंग कोच गुरमीत सिंह, अमरजीत, कोच प्रशांत राय और डीपीई सुनील पांचाल को बधाई दी। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से स्कूली महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। फाइनल मुकाबला शुक्रवार देर शाम तक खेला जाएगा। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर की स्कूली प्रतियोगिता में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।