अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-52 स्थित आरडी सिटी की एक पीजी में किराये पर रह रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव 23 अप्रैल की सुबह कमरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एफएसएल व फिंगरप्रिंट टीम से जांच कराई। कमरे से कुछ दवाइयां भी बरामद हुई हैं। प्रारंभिक आशंका है कि यौन क्षमता बढ़ाने वाली गोलियों के सेवन से ब्लड प्रेशर बढ़ने पर हार्ट अटैक से मौत हुई हो सकती है। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के नागपुर निवासी रोहित के रूप में हुई है। वह करीब ढाई साल से पीजी में रह रहा था और दिल्ली की एक संस्था में कार्यरत था। उसकी जल्द शादी होने वाली थी।
रोहित के साथ नौकरी करने वाले सहकर्मी युवक का फोन न उठाने पर वह सुबह पीजी पहुंचा और दरवाजा बंद मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को बेड पर मृत पाया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर बिसरा जांच के लिए भेजा है। जांच अधिकारी राजबीर के अनुसार रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।