गुरुग्राम। जिले में यातायात पुलिस ने अप्रैल माह में बिना सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। एक से 23 अप्रैल के बीच चलाए गए अभियान में कुल 2,370 चालकों के चालान काटे गए और उन पर 23.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देश पर की गई। यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है और सभी वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की गई है। ब्यूरो