कीमतों में भी बढ़ोतरी, 120 वाली बर्फ की सिली की कीमत 400 से 600 रुपये पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भीषण गर्मी के बढ़ते प्रभाव के कारण जिले में पानी और बर्फ की मांग बढ़ गई है। तापमान में लगातार वृद्धि से बाजारों में पेयजल की खपत कई गुना अधिक हो गई है। लोग ठंडे पेय और बर्फ का अधिक उपयोग कर रहे हैं, जिससे बिक्री में भारी उछाल देखा जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिन में बर्फ की मांग असामान्य रूप से बढ़ी है। 120 रुपये वाली बर्फ की सिली की कीमत 400 से 600 रुपये तक पहुंची।
बीस लीटर वाली पानी की बोतल, जो पहले 20 रुपये में मिलती थी, अब कई जगह 30 रुपये तक बिक रही है। घर तक डिलीवरी सेवा के दाम बढ़ने से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मांग बढ़ने से आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है और ठंडा पानी व बर्फ की कमी होने लगी है। बाजारों में सुबह-शाम ग्राहकों की भीड़ अधिक देखी जा रही है, जबकि दोपहर में भीषण गर्मी से बिक्री प्रभावित हो रही है।
भीषण गर्मी में बर्फ के दाम दोगुने से चार गुना तक बढ़े
भीषण गर्मी के बीच बर्फ के दामों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सामान्य दिनों में बर्फ की सिली करीब 120 रुपये में मिलती थी, जो अब 400 से 600 रुपये तक बिक रही है। बढ़ती मांग और तापमान में वृद्धि को इसकी मुख्य वजह बताया जा रहा है। घरेलू उपयोग वाली बर्फ भी महंगी होकर 10 रुपये प्रति किलो से बढ़कर लगभग 20 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।
-
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती हैं कीमतें
अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने पर कीमतें और बढ़ सकती हैं। घर तक डिलीवरी में समय और पेट्रोल का खर्च शामिल होने से लागत बढ़ी है, जिसके कारण पानी और बर्फ के दामों में भी वृद्धि हुई है। -अशोक, पेयजल सप्लायर
बढ़ती गर्मी के बीच इस साल बर्फ के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बीते दस दिन में तापमान बढ़ने से बर्फ की मांग भी तेजी से बढ़ी है, जिससे बाजार में आपूर्ति पर दबाव और कीमतों में वृद्धि देखी जा रही है। -साइन, बर्फ विक्रेता