शहर में तापमान बढ़ने के साथ एसी, कूलर और पंखों की मांग में आई तेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के चलते इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में बहार आ गई है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार एसी, कूलर और पंखों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में दो हजार से लेकर 12 हजार तक के कूलर विभिन्न आकारों में उपलब्ध हैं, जिनमें छोटे कूलरों की मांग सबसे अधिक है। दुकानदारों में इस बढ़ती भीड़ को लेकर भारी उत्साह है। व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में पारा चढ़ने के साथ ही इन उपकरणों की बिक्री में और तेजी आएगी।
लोग बोले- दिन में नहीं रात में भी परेशान कर रहीं गर्म हवाएं
दोपहर ही नहीं, अब रात में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। सिर्फ पंखे से राहत नहीं मिल रही। बढ़ती गर्मी के बीच लोगों ने बजट के अनुसार, छोटे कूलर खरीदने शुरू कर दिए हैं। -नीलम तिवारी, लक्ष्मण विहार
भीषण गर्मी के कारण रात में सोना मुश्किल हो रहा है। बिजली कटौती की समस्या से राहत पाने के लिए लोग इनवर्टर वाले कूलर खरीद रहे हैं। बार-बार बिजली जाने से पंखे बेअसर हो जाते हैं। -शशि कुमार, सेक्टर-4
बाजार में हर तरह और क्षमता के कूलर उपलब्ध हैं। बढ़ती गर्मी के बीच ग्राहक अपने बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक दो से पांच हजार रुपये तक के कूलरों की मांग सबसे ज्यादा है। - रवि सिंह, रवि इलेक्ट्रॉनिक, दुकानदार
बीते तीन-चार दिन में तापमान बढ़ने के साथ कूलर और एसी की मांग तेजी से बढ़ी है। लोग नए उपकरण खरीदने के साथ पुराने कूलर और एसी भी रिपेयरिंग के लिए दुकानों पर ला रहे हैं। -राय सिंह, दुकानदार