एक हफ्ते से लाल श्रेणी में हवा, आंखों में जलन व सांस लेने में हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में गुरुग्राम की हवा सबसे ज्यादा जहरीली दर्ज की गई। बीते एक हफ्ते से शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) लाल श्रेणी में बना हुआ है, जो गंभीर प्रदूषण का संकेत है। बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम का एक्यूआई 358 दर्ज किया गया, जबकि मानेसर का एक्यूआई 316 रहा। यह दोनों आंकड़े स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हैं।
प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों के लिए स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है। इसके बावजूद मंगलवार को प्रशासन की ओर से हालात में खास सुधार न होने के बावजूद ग्रेप-4 की पाबंदियां हटा ली गईं, जिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।