-दो हजार की रिश्वत लेते गुरुग्राम विजिलेंस की टीम ने पकड़ा था
संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। बीती रात दो हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए उप निरीक्षक को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इसके बाद बुधवार को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं इस मामले को लेकर विजिलेंस सिटी थाने में तैनात एक होमगार्ड को भी पूछताछ के लिए लेकर गई थी जिसे बाद में छोड़ दिया गया।
गुरुग्राम के हेली मंडी निवासी एक युवती ने गुरुग्राम विजिलेंस को शिकायत दी थी कि उसके पिता पर शहर थाना नारनौल में दो केस हैं। इसको लेकर वह शहर थाना में तैनात उप निरीक्षक रमेश कुमार से मिली। उसने उसके पिता को केस से बाहर निकालने के लिए 12 हजार रुपये की मांंग की। शिकायत से पहले युवती ने दस हजार रुपये उप निरीक्षक को दिए थे। अब वह दो हजार रुपये देने की मांग कर रहा था। इसके बाद युवती ने गुरुग्राम विजिलेंस को शिकायत दी। इस पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने रविवार को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी को पकड़ लिया।