-पांच साल के प्रश्नपत्र वेबसाइट पर होंगे उपलब्ध
-कमजोर विद्यार्थियों के लिए बोर्ड तैयार करेगा तीन अलग-अलग ब्लूप्रिंट
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए पिछले पांच साल के प्रश्नपत्र वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गुरुग्राम सहित प्रदेशभर के विद्यार्थी पुराने प्रश्नपत्रों के माध्यम से अभ्यास कर सकेंगे। वहीं, कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति में सुधार लाने और परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।
शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित बैठक में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। इसके तहत कमजोर विद्यार्थियों के लिए बोर्ड तीन अलग-अलग ब्लूप्रिंट तैयार करेगा। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को समझने में मदद मिलेगी कि परीक्षा में किस तरह के प्रश्न पूछे जा सकते हैं और किस प्रकार उत्तर लिखने हैं। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा के पैटर्न और प्रश्नों के स्वरूप की जानकारी मिलेगी।
वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे पांच साल के प्रश्नपत्र
बोर्ड की ओर से पिछले पांच वर्षों के प्रशनपत्र विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएगें। शिक्षा विभाग और एससीईआरटी भी अपने वेबसाइट पर अभ्यास सामग्री उपलब्ध कराएगें। इससे विद्यार्थी घर बैठे पुराने प्रश्नपत्र डाउनलोड कर सकेंगें और परीक्षा से पहले अपनी तैयारी का आकलन कर सकेंगें।
एससीईआरटी तैयार करेगी तीन तरह की वर्कशीट
विद्यार्थियों की विषयवार तैयारी को मजबूत करने के लिए एससीईआरटी तीन तरह की वर्कशीट तैयार करेगी। इनका उद्देश्य कमजोर विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता में सुधार करना है। इसके अलावा विज्ञान विषय से संबंधित उपयोगी वीडियो भी तैयार कर विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। स्कूलों में विद्यार्थियों को तीन अलग-अलग समूहों में बांटकर अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएमश्री और मॉडल संस्कृति स्कूलों में प्रैक्टिस पर जोर
बैठक में पीएमश्री, सीएमश्री और मॉडल संस्कृति स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को उपलब्ध अभ्यास सामग्री का बेहतर उपयोग कराने और उनकी तैयारी की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।
- स्वरांजलि