बोर्ड परीक्षा से पहले दो से तीन चरणों में होगी विद्यार्थियों की तैयारी की परख
- 20 नवंबर के बाद स्कूलों में शुरू होंगी प्री-बोर्ड परीक्षाएं, कमजोर विद्यार्थियों के लिए विषयवार बनेगी विशेष कार्ययोजना
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए स्कूलों ने विद्यार्थियों की तैयारी परखने की रणनीति में बदलाव किया है। इस बार केवल एक प्री-बोर्ड परीक्षा लेकर तैयारी का आकलन नहीं किया जाएगा, बल्कि दो से तीन चरणों में परीक्षाएं आयोजित होंगी। 20 नवंबर के बाद शहर के कई स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाओं का दौर शुरू हो जाएगा। इन परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों की पहचान कर उन्हें बोर्ड परीक्षा से पहले दूर करने पर जोर दिया जाएगा।
कमजोर विद्यार्थियों के लिए बनेगी अलग कार्ययोजना-
प्री-बोर्ड के परिणाम आने के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का विषयवार विश्लेषण किया जाएगा। इसमें देखा जाएगा कि किन विद्यार्थियों को विषयों की अवधारणाएं समझने में परेशानी हो रही है और किन्हें प्रश्नों के उत्तर लिखने में दिक्कत आ रही है। इसके आधार पर शिक्षकों की ओर से अतिरिक्त अभ्यास और विशेष कक्षाएं लगाई जाएंगी। कमजोर अध्यायों की दोबारा तैयारी भी कराई जाएगी।
तीन घंटे में पेपर हल करने का होगा अभ्यास-
स्कूलों में पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ प्रश्नपत्र हल करने की तकनीक पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्री-बोर्ड में सीबीएसई के परीक्षा पैटर्न के अनुसार प्रश्न पूछे जाएंगे। विद्यार्थियों को अंकों के हिसाब से उत्तर लिखने और निर्धारित समय में प्रश्न हल करने का अभ्यास कराया जाएगा। तीन घंटे में पूरा प्रश्नपत्र हल करने की क्षमता भी परखी जाएगी। पहली परीक्षा के बाद विद्यार्थियों की कमियों पर काम किया जाएगा। दूसरी परीक्षा में उनके प्रदर्शन में आए बदलाव का आकलन होगा। जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहेगा, उन्हें अतिरिक्त अभ्यास कराया जाएगा। तीसरे चरण की परीक्षा आयोजित करने वाले स्कूलों में इसके माध्यम से बोर्ड परीक्षा से पहले तैयारी का अंतिम आकलन किया जाएगा।
कमियों की पहचान करना भी उद्देश्य-
प्री-बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं। इनका उद्देश्य केवल अंक जांचना नहीं, बल्कि शैक्षणिक कमियों और तैयारी के स्तर की पहचान करना भी है। - राकेश, खंड शिक्षा अधिकारी
प्री-बोर्ड से विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों का पता चलता है। इसके बाद शिक्षकों की ओर से ऐसे विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिन्हें किसी विषय या टॉपिक को समझने में परेशानी होती है। - जोगिंदर, प्रिंसिपल, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय