जुलाई का मिड-डे मील मेन्यू जारी, रसोई और चूल्हों की व्यवस्था भी होगी दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए जुलाई माह का मिड-डे मील मेन्यू जारी कर दिया गया है। पूरे महीने बच्चों को तय दिन के अनुसार अलग-अलग पौष्टिक भोजन परोसा जाएगा, ताकि उन्हें स्वाद के साथ भरपूर पोषण भी मिल सके।
जुलाई के मेन्यू में राजमा-चावल, कढ़ी-पकोड़ा व चावल, गुड़ रोटी-दही, मिलेट परांठा, सोया खिचड़ी, मीठा दलिया, सफेद चना-चावल, चना दाल खिचड़ी, दाल-चावल, रोटी के साथ मूंग-मसूर दाल, मौसमी सब्जी, नमकीन दलिया और रागी का पूड़ा जैसे व्यंजन शामिल किए गए हैं। भोजन में मिलेट, दाल, चना और रागी जैसी पौष्टिक चीजों को भी जगह दी गई है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि मेन्यू के अनुसार ही भोजन तैयार कराया जाए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और समय पर वितरण का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि बच्चों को स्वस्थ और संतुलित आहार मिल सके।
वहीं दूसरी तरफ सरकारी स्कूलों में मीड डे मील की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से स्कूलों की रसोई और चूल्हों की स्थिति की विस्तृत जानकारी मांगी है। इस रिपोर्ट में रसोईघर की स्थिति, भोजन तैयार करने से जुड़ी अन्य सुविधाओं की जानकारी मांगी है। निदेशालय से पत्र जारी करते हुए सभी स्कूलों से पूछा है कि उनके यहां कितने स्कूल सही हालत में काम कर रहे हैं और कितने खराब हैं इसके अलावा रसोईघर की मौजूदा स्थिति और मिड-डे मील तैयार करने की व्यवस्था का भी पूरा ब्योरा देना होगा।