- डीपीजी डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में चार-बिन प्रणाली की दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) और नगर निगम गुरुग्राम की ठोस कचरा प्रबंधन टीम ने सेक्टर-34 स्थित डीपीजी डिग्री कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को ठोस कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य, माइक्रोबायोलॉजी और संचार विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण का महत्व समझाया। उन्हें चार-बिन प्रणाली के तहत गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक या बायोमेडिकल और ई-कचरा अलग रखने की जानकारी दी गई। खुले में कचरा डालने और उसे जलाने के दुष्प्रभाव भी बताए गए।
विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी-
एमएसयू के वरिष्ठ जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. महेश सी. कौशिक ने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. डिंकर कुमार ने संक्रामक रोगों और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। सहायक जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. यशाश्वि गोयल ने कुत्ते के काटने और रेबीज से बचाव की जानकारी देते हुए घाव को तुरंत धोने और समय पर टीकाकरण कराने पर जोर दिया। संचार विशेषज्ञ कनिका थपलियाल ने आईईसी गतिविधियों का समन्वय किया। कार्यक्रम में एमसीजी की संयुक्त आयुक्त सपना यादव और स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर कुलदीप ‘हिंदुस्तानी’ भी मौजूद रहे।