- निबंध, डिबेट, स्लोगन, कार्टून व पोस्टर मेकिंग में विजेताओं का जिला स्तर के लिए चयन
फर्रुखनगर। राजकीय मॉडल संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फर्रुखनगर में बृहस्पतिवार को ब्लॉक स्तरीय सोशल साइंस गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक के विभिन्न सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, डिबेट, स्लोगन, कार्टून और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि निर्णायक मंडल में राजेश कुमारी, अनुराग, राजेश कुमार, राजवीर, मनीष कुमारी और नीरू यादव शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निबंध लेखन में 6वीं से 8वीं वर्ग में यशिका और 9वीं से 12वीं वर्ग में परी दहिया ने पहला स्थान प्राप्त किया। डिबेट प्रतियोगिता में पायल और जतिन विजेता रहे। स्लोगन लेखन में पायल तथा अंशिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्टून मेकिंग में साक्षी और उर्वशी, जबकि पोस्टर मेकिंग में लवली चौहान और राशि अपने-अपने वर्ग में प्रथम रहीं। आयोजकों ने बताया कि सभी विजेता विद्यार्थी अब जिला स्तरीय सोशल साइंस प्रतियोगिताओं में फर्रुखनगर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के समापन पर प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की गई और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। संवाद