स्कूल ट्विनिंग कार्यक्रम किया गया शुरू
71.40 लाख बजट मंजूर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब निजी स्कूलों और बड़े शिक्षण संस्थानों में जाकर नई तकनीकें सीखने का मौका मिलेगा। इसके लिए जिले के सभी स्कूलों में स्कूल ट्विनिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों से जोड़ा जाएगा। गुरुग्राम जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी इसमें भाग ले सकेंगे।
इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश सरकार ने 71.40 लाख रुपये का बजट मंजूर किया है। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ाई को बेहतर बनाना और विद्यार्थियों को नई तकनीक से जोड़ना है। इसके तहत विद्यार्थियों को दूसरे स्कूलों और शिक्षण संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा। यहां वे स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय जैसी सुविधाओं को देख सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपस में बातचीत करने, नई चीजें सीखने और अलग-अलग विषयों से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का मौका मिलेगा। इससे उन्हें किताबों में पढ़ी बातों को समझने में आसानी होगी। साथ ही उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।