परिजनों ने लगाया स्कूल व माधवगढ़ फार्म मैनेजमेंट पर लापरवाही का आरोप
गुरुग्राम। बादशाहपुर स्थित माधवगढ़ फार्म पर स्कूली ट्रिप पर आया एक दस वर्षीय छात्र जिप लाइन की एक्टिविटी करते गिरकर घायल हो गया। छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, छात्र के परिजनों घटना के लिए स्कूल व फार्म प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि फार्म के मैनेजमेंट ने वहां पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं कर रखे थे। मौके पर कोई लाइफगार्ड नहीं था और ना ही छात्र को हेमलेट व लाइफ जैकेट पहनाई गई। इस कारण छात्र के साथ गंभीर हादसा हुआ। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के लाडो सरॉय में रहने वाले विनोद कुमार ने बताया कि उनका पोता यश गोस्वामी महरौली के सेंट जॉन स्कूल में कक्षा पांचवीं का छात्र है। सात फरवरी को सेंट जॉन स्कूल मैनेजमेंट महरौली की तरफ से बच्चों को लेकर एक ट्रिप गुरुग्राम के माधवगढ फार्म में गया था, जिसमें उनका पोता यश गोस्वामी भी गया था। उसी दिन शाम को विनोद कुमार के पास स्कूल से फोन आया कि यश गोस्वामी को चोट लगी है। वह स्कूल पहुंचे तो पता चला कि यश को एम्स जय प्रकाश नारायणा एपेक्स ट्रामा सेंटर ले गए है। वहां पहुंचने पर विनोद कुमार को स्कूल मैनेजमेंट में से किसी ने भी हादसे के बारे में स्पष्ट नहीं बताया।
पीड़ित के दादा को बाद में पता चला कि यश के पैर में गंभीर फ्रेक्चर आया है। बेड नहीं होने के कारण वे दूसरे दिन यश को मैक्स अस्पताल, साकेत लेकर पहुंचे। वहां से उसे रेम्बो अस्पताल मालवीय नगर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि यश को ठीक होने में काफी समय लगेगा और उसके डिसेबल्टी की संभावना भी है। आरोप है कि इस बीच स्कूल की ओर से यश गोस्वामी की कोई खबर नहीं ली गई। वहीं, जब यश से घटना के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह माधवगढ़ फार्म पर जिप लाईन की एक्टीविटी कर रहा था। इस दौरान माधवगढ़ फार्म मैनेजमेंट की लापरवाही की वजह से वह नीचे गिर गया। वहां कोई लाइफगार्ड नहीं था और ना ही उसे हेमलेट व लाईफ जैकेट पहनाई गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।