कष्ट निवारण समिति की पहली बैठक में छाया रहा सफाई का मुद्दा
सफाई व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश, स्वच्छता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए सफाई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नायब सिंह सैनी ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक ली। इस बैठक में शहर की बदहाल सफाई का मुद्दा छाया रहा। इस पर मुख्यमंत्री काफी सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मानकों के अनुरूप शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार जन सेवाओं के लिए गंभीर है। सभी विभागों के अधिकारी फील्ड में रहकर उनके विभाग की सेवाएं जनता को मुहैया करवाना सुनिश्चित करें। जन सुविधाओं के प्रति अधिकारियों का ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। शहर में स्वच्छता की तरफ विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे गुरुग्राम को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि अगले माह की बैठक के दौरान वे स्वयं स्वच्छता का निरीक्षण करेंगे।
बढ़ती आबादी के अनुरूप सीवरेज लाइन डालने के दिए आदेश
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से प्राप्त सीवरेज की समस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती आबादी की मांग के अनुरूप सीवरेज लाइन की व्यवस्था की जाए, जिससे पानी की निकासी समुचित ढंग से हो सके। किसी भी क्षेत्र में नई सीवरेज लाइन डालते समय रिवाइज्ड प्लान तैयार करें। संबंधित आरडब्ल्यूए व स्थानीय लोगों से भी परामर्श करें।