नूंह। जिले में शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस ने आबकारी विभाग के सहयोग से पिछले तीन महीनों के दौरान प्रभावी कार्रवाई की है। अप्रैल से जून के बीच चलाए गए अभियान के तहत एक्साइज एक्ट के अंतर्गत 8 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अवैध अंग्रेजी शराब की 306 बोतलें, बीयर की 12,091 बोतलें बरामद की गईं हैं।
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निगरानी और छाप मारने का अभियान चलाकर अवैध शराब तस्करी एवं बिक्री पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार वर्ष 2025 के अप्रैल से जून माह की तुलना में वर्ष 2026 की समान अवधि में एक्साइज एक्ट के मामलों में कमी दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इस अवधि में अधिक मामले दर्ज हुए थे और ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। उन्होंने कहा कि मामलों में आई यह गिरावट पुलिस और आबकारी विभाग की प्रभावी कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद