रेहड़ी पटरी फेरी यूनियन की आम सभा
स्ट्रीट वेंडिंग जोन की वैध दुकानों को भी उजाड़ने का आरोप, सीटू के नेतृत्व में रेहड़ी पटरी मजदूरों की आम सभा में लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में रेहड़ी पटरी मजदूरों को उजाड़ने, उनकी दुकानों और सामान पर बुलडोजर चलाने के खिलाफ रेहड़ी पटरी मजदूर 10 सितंबर को निगमायुक्त कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन करेंगे। यह फैसला रेहड़ी पटरी मजदूर यूनियन (सीटू) की आम सभा में लिया गया। इफ्को चौक पर हुई आम सभा की अध्यक्षता अशोक सिंह ने की। सभा को प्रमुख रूप से सीटू प्रदेश महासचिव जयभगवान, यूनियन प्रधान अशोक सिंह, महासचिव चूरामन, संगठन सचिव रोहताश और कोषाध्यक्ष बलराम ने प्रमुख रूप से संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन नेताओं ने कहा कि सेक्टर-44 के वेंडिंग जोन में नगर निगम प्रशासन ने 125 से ज्यादा रेहड़ी पटरी मजदूरों के सामान पर बुलडोजर चलाकर लाखों रुपये स्वाहा कर दिए, जबकि वेंडर वैध हैं और यह कार्रवाई करने से पहले कोई नोटिस तक नहीं दिया गया। इसी तरह सेक्टर-22 में दर्जनों वेंडर को उजाड़ने की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई को जब निगमायुक्त के पास पीड़ित मजदूर अपनी फरियाद लेकर गए तो उन्होंने कोई बात नहीं सुनी, उल्टे मजदूरों को ही भला बुरा कहा।
मजदूर नेताओं ने कहा कि स्ट्रीट वेंडर एक्ट के तहत बनी टाउन वेडिंग कमेटी की पिछले तीन साल से कोई बैठक नहीं की गई है जबकि यह प्रत्येक तीन महीने में होनी चाहिए। इस कमेटी के चेयरमैन निगमायुक्त हैं। यह एक्ट के उल्लंघन का भी मामला बनता है। जिला प्रशासन स्वरोजगार में लगे लोगों को उजाड़ने का काम कर रहा है। गुरुग्राम में राज्य हजारों लोग रेहड़ी पटरी फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। सभा में चंद्रकला वरिष्ठ उप प्रधान, पंकज कांति तिवारी, संजीव, मुकेश, राकेश सहित ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन के राजेंद्र पाठक, सीटू नेता वीरेंद्र, रामकुमार ने अपने विचार रखे।