जाॅयविले के निवासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार, सोसाइटी में डॉग लवर्स और लोगों के बीच रहे हैं विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर की कई सोसाइटियों और सेक्टरों में डॉग लवर्स और कुत्तों के कारण परेशान लोगों के बीच संघर्ष के हालात बन रहे हैं। नगर निगम का कुत्तों के टीकाकरण के लिए ठेका अभी नहीं हुआ है। इस कारण विभिन्न सेक्टरों के लोग निगम के पास कुत्तों के टीकाकरण और बंध्याकरण के लिए टीम भेजने का भी अनुरोध नहीं कर पा रहे हैं।
पिछले हफ्ते डीएलएफ फेज दो में एक पालतू कुत्ते ने एक व्यक्ति को काटकर घायल कर दिया था। इस घटना से दूसरी सोसाइटियों के लोग भी सहम गए हैं। सेक्टर-45 के आरडब्ल्यूए महासचिव पुनीत पाहवा ने कहा कि लावारिस कुत्तों के टीकाकरण के लिए नगर निगम का ठेका नहीं होने के कारण सेक्टर में लोग परेशान हैं। सेक्टर-102 स्थित जॉय विले सोसाइटी के लोगों ने निगमायुक्त और उपायुक्त से लावारिस कुत्तों की समस्या के समाधान की गुहार लगाई है।
जॉय विले निवासी पराग आनंद ने कहा कि हर सुबह सोसाइटी के निवासी जब नींद से जागते हैं, तो समूह में कुत्ते देखने को मिलते हैं कोई कार के ऊपर बैठा होता है, तो कोई बच्चों का पीछा करता या किसी की चप्पल लेकर भागता हुआ नजर आता है। करीब 1,538 फ्लैट वाली इस सोसाइटी में लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई और लोन लेकर घर खरीदा था, ताकि वे परिवार के साथ शांतिपूर्वक रह सकें। लेकिन अब आए दिन कुत्तों को लेकर विवाद और झगड़े सामने आ रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि केवल 4 से 8 डॉग लवर्स की वजह से पूरी सोसाइटी के 1,530 से अधिक लोग परेशान हैं। सोसाइटी की एक महिला निवासी ने सोसाइटी में डॉग फीडिंग का विरोध किया था। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और बाद में डॉग लवर की ओर से बिहार के बेगूसराय से उस महिला के खिलाफ शून्य एफआईआर (जीरो) दर्ज कर दी गई। आज वह महिला अदालत के चक्कर लगाने को मजबूर है। निवासी सोसाइटी प्रबंधन, नगर निगम से शिकायत करके थक चुके हैं मगर समस्या का हल नहीं निकल पा रहा है। सोसाइटी प्रबंधन ने कुछ खुले ग्रिल में जालियां लगाकर समस्या के हल की खानापूर्ति की।