हॉकी पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में कुरुक्षेत्र ने सिरसा को हराकर जीत दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के नेहरू स्टेडियम में जारी 27वें हरियाणा स्टेट गेम्स में सोमवार को हॉकी और हैंडबॉल के पहले दौर के रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हॉकी और हैंडबॉल दोनों ही खेलों में गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, कैथल और रोहतक की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
हॉकी पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में कुरुक्षेत्र ने सिरसा को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं, दूसरे मैच में रोहतक की टीम ने शानदार तालमेल दिखाते हुए फरीदाबाद को 6-1 से मात दी। तीसरे मुकाबले में गुरुग्राम ने दमदार खेल दिखाते हुए करनाल को 4-0 से हराया।
महिला हॉकी वर्ग में भी मुकाबले बेहद दिलचस्प रहे। पहले मैच में गुरुग्राम ने कड़े संघर्ष में चरखी दादरी को 7-6 से मात दी, जबकि दूसरे मैच में भिवानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जींद को 5-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
हैंडबॉल के पहले राउंड में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में पहले मुकाबले में कैथल ने कुरुक्षेत्र को 21-12 से हराया, जबकि दूसरे मैच में रोहतक ने गुरुग्राम को 10-01 से मात दी। तीसरे मैच में एच.ओ.ए ने शाह सतनाम सिरसा को 18-03 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
पुरुष वर्ग के मुकाबलों में पानीपत ने एचओए को 24-15 से हराया। वहीं, दूसरे मैच में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुग्राम को 29-17 से पराजित किया। तीसरा मुकाबला सोनीपत और शाह सतनाम सिरसा के बीच खेला गया, लेकिन इस मैच का परिणाम देर रात तक घोषित नहीं हुआ था।
-
आज के मैच
आज हॉकी और हैंडबॉल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों की आठ-आठ टीमें मैदान में उतरेंगी। हॉकी पुरुष वर्ग में कैथल का मुकाबला कुरुक्षेत्र से, रोहतक का सोनीपत से, जींद का गुरुग्राम से और हरियाणा का हिसार से होगा। वहीं, महिला वर्ग में हिसार का सामना करनाल से, गुरुग्राम का कुरुक्षेत्र से, फतेहाबाद का भिवानी से और एसओएचयू का सोनीपत से होगा। हैंडबॉल में भी मुकाबले रोमांचक रहेंगे। इसमें हिसार की टीम पानीपत से भिड़ेंगी, जबकि एसओएचयू का सामना भिवानी से होगा।