रात के अंधेरे में नहीं आते नजर, अचानक ब्रेक लगाने से बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर बंधवाड़ी टोल प्लाजा के आसपास सड़क पर लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा हुआ है। सड़क के कई हिस्सों में पशुओं के झुंड बैठे नजर आते हैं, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। यह पशु सड़क के बीच में ही बैठे रहते हैं, जिससे तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के सामने अचानक खतरा पैदा हो जाता है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है।
वाहन चालक मनीष मोर ने बताया कि दिन के समय सड़क पर बैठे पशु कुछ हद तक दिखाई दे जाते हैं, लेकिन रात में समस्या गंभीर हो जाती है। सड़क के कुछ हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण अंधेरे में बैठे पशु वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देते। अचानक पशु सामने आने पर वाहन चालक को तेज ब्रेक लगाना पड़ता है। ऐसे में पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने की आशंका बनी रहती है।
मौके पर मौजूद देवी सिन्हा ने बताया कि बंधवाड़ी टोल के आसपास सड़क पर आवारा पशुओं का लगातार जमावड़ा यातायात व्यवस्था के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है। खासकर रात के समय तेज गति से चलने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ जाता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क से पशुओं को हटाने के लिए अपील की है।
-
सड़क पर आवारा पशुओं की समस्या को लेकर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। - सुरेंद्र, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी