तावड़ू। उपमंडल के गांव चीला में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नवनिर्वाचित सरपंच मुमताज के समर्थन में जीत के जश्न में आयोजित पार्टी के दौरान झड़प हो गई। यहां दूसरे गांवों के सरपंचों के साथ-साथ पूर्व मंत्री संजय सिंह भी मौजूद थे। नवनिर्वाचित सरपंच के पिता ने पूर्व मंत्री संजय सिंह को बग्गी में बैठाकर सरकारी स्कूल से डीजे के साथ अपने घर की ओर रोड शो किया था।
दावा है कि इसी दौरान रास्ते में हारने वाले सरपंच उम्मीदवार तबस्सुम (आबिद की पुत्रवधू) के घर के पास काफिले पर कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन 3-4 लोगों को मामूली खरोंचें आईं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक सदर थाना पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी लिया है। जिला पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया है कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। वर्तमान में मामला शांत है, और डीएसपी सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं। पूर्व मंत्री संजय सिंह वहां से चले गए हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए निगरानी जारी रखी है।