- एक दिन की रिमांड पर आरोपी , श्रम इंस्पेक्टर के कहने पर घूस लेने की बात कबूली
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दुकानदार से रजिस्ट्रेशन की साइट बंद होने पर काम कराने के नाम पर घूस लेने वाले लेबर इंस्पेक्टर के स्टेनो अशोक को मंगलवार शाम एसीबी ने गिरफ्तार किया। टीम ने मौके से 4500 रुपये बरामद किए हैं, जबकि घूस के 1500 रुपये आरोपी पहले ले चुका है। एसीबी की टीम ने बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया है। छानबीन के दौरान इस बात खुलासा हुआ है कि श्रम इंस्पेक्टर के कहने पर स्टेनो ने घूस लिया है। एसीबी मामले की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता जय सिंह ने एसीबी गुरुग्राम को दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी सेक्टर 37 सी, गुरुग्राम में एक सर्विस प्रोवाइडर की दुकान है। वह दुकान के लिए रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए श्रम विभाग की साइट पर आवेदन करना चाहते थे। वेबसाइट न चलने के कारण प्रमाण पत्र के लिए आवेदन नहीं हो सका। इसके बाद उसने सहायक लेबर कमिश्नर कार्यालय में लेबर इंस्पेक्टर प्रदीप से फोन पर संपर्क किया था। प्रदीप लेबर इंस्पेक्टर ने कहा कि आप मेरे कार्यालय में तैनात स्टेनो अशोक से मिल लेना। मैं उसे फोन पर बता दूंगा। इसके बाद वह सहायक लेबर कमिश्नर कार्यालय लघु सचिवालय में स्टेनो अशोक कुमार के पास दुकान का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गया तो अशोक कुमार ने उसको दुकान का प्रमाण पत्र बनवाने की ऐवज में उससे 6,000/-रू. नकद बतौर रिश्वत की मांग की। इसके चलते उसने 1500 रुपये पहले ही दे दिया था।