क्लब की शहर में यह दूसरी लाइब्रेरी, सनातन धर्म शिक्षा कक्षाएं भी होंगी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। लायनेस क्लब संपूर्णा ने जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए साउथ सिटी वन में फ्यूचर ब्राइट ट्रस्ट सिलोखरा के भवन में एक लाइब्रेरी शुरू की है। इसमें बच्चों के लिए न केवल किताबें उपलब्ध होंगी बल्कि यहां बैठकर पढ़ने की सुविधा होगी। क्लब की महिलाएं इस लाइब्रेरी में सनातन धर्म से जुड़ी कक्षाएं भी आयोजित करेंगी।
क्लब की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष ममता अग्रवाल ने बताया कि पिछले दिनों सेक्टर-57 स्थित वी केयर फाउंडेशन में भी लायनेस क्लब संपूर्णा ने एक ऐसी ही लाइब्रेरी शुरू की है जहां स्कूली बच्चों की पाठ्यक्रम और शिक्षकेतर किताबें उपलब्ध हैं। बच्चे यहां आकर और पुस्तकें घर ले जाकर प सकते हैं।
क्लब ने जरूरतमंद महिलाओं के साथ मिलकर पुराने कपड़ों से थैले बनाने का भी एक कार्यक्रम चला रखा है। इसके तहत प्लास्टिक फ्री सोसाइटियों में लोगों को कपड़े के थैले उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि लोग पॉलीथिन और प्लास्टिक के बैग का प्रयोग बंद करें। काफी संख्या में जरूरतमंद महिलाएं इस अभियान से जुड़ी हैं, जिससे उन्हें रोजगार भी मिल रहा है। लायनेस क्लब की ओर से बुजुर्गों के लिए प्रतिदिन एक ध्यान का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें बहुत सारे बुजुर्ग शामिल होते हैं।