-रविवार रात गांव नांगल जाट निवासी परिवार महिला की डिलीवरी के लिए आया था
-नर्स न मिलने पर हुए विवाद के बाद उच्चाधिकारियों को दी थी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। रविवार की रात्रि को गांव नांगल जाट स्थित पीएचसी पर गांव निवासी चरण सिंह परिवार की एक महिला को डिलीवरी के लिए लाए। मौके पर डिलीवरी हट पर तैनात स्टाफ नर्स शालिनी हाजिर नहीं मिली। इस पर विवाद बढ़ गया। चरण सिंह ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी। चरण सिंह ने नर्स की गैर हाजिरी को मुद्दा बनाकर भूख हड़ताल करने की घोषणा कर दी।
बाद में अनुपस्थित मिली स्टाफ नर्स शालिनी पहुंच गई। उसका चरण सिंह के साथ विवाद हो गया। मौके पर रात्रि में ही एसएमओ डॉक्टर संजय शर्मा पहुंचे। उन्होंने प्रारंभिक जांच के बाद स्टाफ नर्स शालिनी को निलंबित करने की बात कही। मामला जिला परिषद के सीईओ जितेंद्र कुमार तक पहुंचा। उन्होंने स्टाफ नर्स को निलंबित करने एवं नियमित जांच तहसीलदार से कराने के आदेश दिए। स्थानीय एसडीएम हरिराम एवं अन्य अधिकारियों के साथ पीएचसी पहुंचे। उन्होंने भूख हड़ताल की घोषणा करने वाले चरण सिंह एवं अन्य ग्रामीणों को शांत किया। एसडीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि भविष्य में ऐसी कोई लापरवाही सामने न आए। इसकी व्यवस्था की जा रही है। एसडीएम हरिराम के प्रयासों से मामला शांत हो गया। एसडीएम हरिराम ने बताया कि वे स्वयं सभी स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली की रेगुलर मोनिटरिंग करते रहेंगे।