मंजुल दुबे ने खेली 154 रन की विस्फोटक पारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द स्पोर्ट्स मंत्रा क्रिकेट मैदान पर बृहस्पतिवार को द स्पोर्ट्स मंत्रा अकादमी ने फ्यूचर अकादमी को 183 रन के बड़े अंतर से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पोर्ट्स मंत्रा अकादमी ने 30.2 ओवर में 369 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मंजुल दुबे ने 49 गेंद पर 154 रन की विस्फोटक पारी खेली। अनुज राजपूत ने भी 71 गेंद पर 131 रन बनाए। फ्यूचर अकादमी की ओर से वंश राव ने पांच और निषाद एम कुलकर्णी ने चार विकेट झटके।
जवाब में फ्यूचर अकादमी की टीम 20.3 ओवर में 186 रन पर सिमट गई। प्रशांत मवई ने 54 रन बनाए। विजय और सागर खड़का ने 31-31 रन का योगदान दिया। स्पोर्ट्स मंत्रा अकादमी के मंजुल दुबे, भव्य अग्रवाल और समृद्ध सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए। मंजुल दुबे को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।