गुरुग्राम। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग अब खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के आधार पर सम्मानित करेगा। 2019-20 के दौरान सामाजिक एवं युवा गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले युवा और युवा संगठनों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्हें उपलब्धियों के आधार पर जिला स्तरीय एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी जेजे बनर्जी ने बताया कि आवेदन 15 फरवरी तक नेहरू स्टेडियम और युवा कार्यक्रम केंद्र में जमा करवाया जा सकता है। जिला और राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ युवा पुरस्कार के लिए आवेदनकर्ता को एक वर्ष की उपलब्धियों के आधार पर चयन किया जायेगा। जबकि युवा क्लब के लिए उनकी तीन वर्ष की उपलब्धियां देखी जायेगी। युवा पुरस्कार के लिए आयु सीमा 15 से 24 वर्ष की होगी।
उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले युवा सरकारी, पब्लिक, अंडर टेकिंग विश्वविद्यालय या महाविद्यालय के साथ-साथ राज्य और भारत सरकार में कार्य नहीं करता हो। ऐसे युवाओं को प्राथमिकता दी जायेगी जो खेल, युवा कार्यक्रम विभाग से जुड़े हो तथा ग्रामीण स्तर पर अपनी सेवा प्रदान की हो।
एक ही बार प्राप्त कर सकेेंगे पुरस्कार
उन्होंने बताया कि जो इस पुरस्कार को पहले प्राप्त कर चुके हैं वो इस के लिए दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे। ग्रामीण स्तर तथा खेल युवा कार्यक्रम विभाग की गतिविधियों व युवा गतिविधियों में कार्य करने वाली संस्था को प्राथमिकता दी जायेगी। पुरस्कार का मूल्यांकन स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकता कार्यक्रम के आधार पर किया जायेगा।