द्वारका एक्सप्रेसवे का मामला, ऑडी कार की टक्कर लगने से पलटी कार, चालक व साथी का कराया मेडिकल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर नौ अगस्त की देर रात शराब के नशे में चूर एक ऑडी चालक ने एक के बाद एक तीन गाड़ियां ठोक दीं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं (कांवड़ियों) की सूझबूझ और तत्परता की वजह से एक बड़ा आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
रात करीब 12:30 बजे बजघेड़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ऑडी ने हाईवे किनारे खड़ी कांवड़ियों की कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह हवा में उछलकर सीधे डिवाइडर के दूसरी पार जा पलटी। गनीमत रही कि उस समय सभी कांवड़िये कार से बाहर थे, जिससे एक बेहद दर्दनाक हादसा होने से बच गया। इससे पहले उसने एक ट्रक व बाइक को भी टक्कर मारी, जिसमें बाइक सवार को गंभीर चोटें आई हैं।
टक्कर मारने के बाद जब आरोपी चालक ने भागने का प्रयास किया तो मौके पर मौजूद कांवड़ियों और स्थानीय लोगों ने ऑडी कार को घेर लिया और नशे में धुत कार चालक और उसके साथी को मौके पर ही दबोच लिया और भागने नहीं दिया। इसके बाद कांवड़ियों की सूचना पर तुरंत बजघेड़ा थाने की पुलिस और ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। श्रद्धालुओं ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले किया।
ऑडी कार चालक व उसका साथी कांवड़ियों व अन्य राहगीरों से झगड़ा करने लगे थे। हालांकि पुलिस आने के बाद उसे थाने में लेकर गए थे। पुलिस ने ऑडी कार के चालक व उसके साथी का मेडिकल कराया है, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है।
मामले में अभी तक किसी व्यक्ति ने शिकायत नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर पर मामले में जांच व कार्रवाई कर रही है। चालक व उसके साथी का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि वे कितने नशे में थे। हादसे में किसी पीड़ित की शिकायत मिलती है तो उस आधार आगामी कार्रवाई की जाएगी। -
सुनील, इंस्पेक्टर व प्रभारी, बजघेड़ा थाना।