संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के हजारों कामगारों को जल्द ही आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने जा रही है। जीएमसीबीएल की पहल पर कामगारों के लिए विशेष मिनी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। ये मिनी बसें शहर की प्रमुख मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड से विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों व श्रमिक बहुल इलाकों तक संचालित होंगी।
इस योजना को लेकर जीएमसीबीएल की ओर से अधिकारियों और संबंधित विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें कामगारों को समय पर और सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार योजना का खाका लगभग तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इसे धरातल पर उतारा जाएगा। बैठक में तय किया गया कि बसों के रूट ऐसे क्षेत्रों से होकर गुजरेंगे जहां सबसे अधिक कामगार रहते हैं। इसके अलावा बसों का किराया भी आम लोगों की पहुंच के भीतर रखा जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रमिक सुविधा का लाभ उठा सकें।
जीएमसीबीएल के अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में मजदूर और कर्मचारी रोजाना मेट्रो स्टेशन व बस स्टैंड तक पहुंचने के बाद अपने कार्यस्थलों तक जाने में परेशानी का सामना करते हैं। जीएमसीबीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी ने बताया कि जल्द ही मिनी बस सेवा के रूट और समय सारिणी तय कर सेवा शुरू कर दी जाएगी।