-राज्य की रैंकिंग आठवें स्थान से गिरकर 14वें स्थान पर पहुंचने के बाद किया बदलाव
-गर्मी की छुट्टियों में पढ़ाई जारी रखने के लिए विद्यार्थियों को लाइब्रेरी से दी गईं किताबें
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों में अब उन छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनकी पढ़ने, समझने और लिखने की क्षमता कक्षा के स्तर के अनुसार कमजोर पाई गई है। परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स पीजीआई 2024-25 रिपोर्ट के बाद शिक्षा विभाग ने छात्रों की बेसिक लर्निंग स्किल सुधारने की दिशा में नई रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है।
रिपोर्ट में सामने आया है कि स्कूलों में क्लासरूम प्रबंधन और छात्र ट्रैकिंग सिस्टम में सुधार हुआ है, लेकिन लर्निंग आउटकम्स उम्मीद के मुताबिक बेहतर नहीं रहे। इसी कारण राज्य की रैंकिंग भी आठवें स्थान से गिरकर 14वें स्थान पर पहुंच गई है।
अब विभाग स्कूलों में बच्चों की रीडिंग स्किल मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। शिक्षकों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे बच्चों को केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी समझ विकसित करने पर भी काम करें। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त अभ्यास और सहयोग दिया जाएगा।
गर्मी की छुट्टियों में भी बच्चों की पढ़ाई जारी रहेगी। जिसके लिए विद्यार्थियों को लाइब्रेरी से किताबें दी गई हैं, ताकि उनमें पढ़ने की आदत विकसित हो सके। इसके तहत कहानी पढ़ना, शब्द ज्ञान बढ़ाना, लेखन अभ्यास और भाषा आधारित गतिविधियां कराई जाएंगी।